नयी दिल्ली , मार्च 09 -- नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापू ने सोमवार को नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को एयरोड्रम लाइसेंस सौंपा।

श्री नायडू ने यहां नागरिक उड्डयन मंत्रालय में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टोफर स्नेलमैन को यह लाइसेंस सौंपा। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने पिछले सप्ताह नोएडा एयरपोर्ट को एयरड्रम लाइसेंस जारी करने की घोषणा की थी।

इससे पहले मंत्री ने आज राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान बताया था कि एयरोड्रम लाइसेंस मिलने के बाद आम तौर पर 45 से 60 दिन में वाणिज्यिक उड़ानें शुरू हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि 45 दिन के अंदर नोएडा से उड़ानें शुरू होंगी। इस बीच एक भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन भी किया जायेगा।

श्री नायडू ने लाइसेंस सौंपने की तस्वीरें साझा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उत्तर प्रदेश के जेवर में बने इस हवाई अड्डे को सबसे महत्वपूर्ण में से एक बताया और लिखा कि अब यह हवाई अड्डा परिचालन शुरू करने के और करीब पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि प्रबंधन के साथ बाकी की प्रक्रियाओं पर भी चर्चा हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित