नयी दिल्ली , फरवरी 10 -- नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने देश की विभिन्न हवाई पट्टियों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निगरानी मजबूत करने का निर्देश दिया है।
पिछले दिनों महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की बारामती हवाई पट्टी पर हुए विमान हादसे में मौत के मद्देनजर मंत्रालय द्वारा उठाया गया यह कदम महत्वपूर्ण है।
श्री नायडू ने यहां मंगलवार को नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) में महानिदेशक फैज अहमद किदवई, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के अध्यक्ष विपिन कुमार और मंत्रालय तथा डीजीसीए के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक में यह निर्देश दिया।
बैठक में देश की नियंत्रित और अनियंत्रित हवाई पट्टियों पर विमानों के परिचालन और सुरक्षा के बारे में चर्चा की गयी।
श्री नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि बैठक का मुख्य फोकस इन हवाई पट्टियों पर नियामकीय निगरानी बढ़ाने पर रहा।
उल्लेखनीय है कि बारामती में 28 जनवरी की सुबह हुए विमान हादसे में श्री पवार समेत विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गयी थी। विमान रनवे के एक छोर पर रनवे की बायीं तरफ दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और उसमें आग लग गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित