बैतूल , दिसंबर 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में 17 वर्षीय नाबालिग विवेक मरकाम की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मुख्य आरोपी अन्नू ठाकुर, उसके पिता कृपाल ठाकुर और साथी जुनैद को कान पकड़वाकर शहर के प्रमुख इलाकों में जुलूस के रूप में घुमाया। यह जुलूस चुन्नीढाना स्थित अन्नू के घर से शुरू होकर गंज के व्यस्त बाजार और कोठीबाजार के मुख्य मार्गों से निकाला गया।
जुलूस के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। आरोपियों को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में भय पैदा करने की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
इस सनसनीखेज हत्या प्रकरण में अब तक मुख्य आरोपी अन्नू ठाकुर, उसके पिता कृपाल ठाकुर, साथी जुनैद और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं तीन आरोपी अभी भी फरार हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। फरार आरोपियों में रोहित और अभिषेक ठाकुर, अन्नू का भाई, सहित तीन लोगों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले में कुल सात आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बुधवार दोपहर चुन्नीढाना क्षेत्र में विवेक मरकाम का अपहरण कर उसे सागौन बाबा दरबार क्षेत्र में ले जाया गया, जहां रॉड, डंडे और फावड़े से बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाज के दौरान विवेक ने दम तोड़ दिया, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।
जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक विवेक और आरोपी अन्नू ठाकुर के बीच पुराना विवाद था। भग्गूढाना क्षेत्र में वाहन टकराने को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें विवेक ने अन्नू पर चाकू से हमला किया था। इसके बाद अन्नू ने भी विवेक के घर जाकर हमला किया था, हालांकि उस समय किसी भी पक्ष ने मामला दर्ज नहीं कराया था। दोनों आरोपी जमानत पर थे।
पुलिस के अनुसार प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि विवेक उन्हें लगातार धमका रहा था और इसी रंजिश के चलते उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना में प्रयुक्त हथियार पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।
मृतक विवेक की मां शासकीय स्कूल में शिक्षिका हैं, जबकि पिता वन विभाग में पदस्थ हैं। घटना से आक्रोशित नागरिकों ने चुन्नीढाना से गंज मार्केट, कॉलेज रोड और कोठीबाजार तक जुलूस निकालकर आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की थी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित