जशपुर , फरवरी 28 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर के थाना बागबहार क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी की रात को 17 वर्षीय पीड़िता थाना बागबहार क्षेत्र के एक गांव में नाटक देखने गई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह अकेले पैदल घर लौट रही थी, तभी रास्ते में दो युवकों ने उसे घर पहुंचाने के बहाने अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। आरोपी उसे जबरन जंगल की ओर ले गए, जहां उन्होंने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को अचेत अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।
अगले दिन 17 फरवरी की रात को बिजली सब स्टेशन के पास सड़क किनारे पीड़िता अचेत अवस्था में मिली। ग्रामीणों की सूचना पर उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीएचसी पत्थलगांव रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान होश में आने पर पीड़िता ने अपनी मां को आपबीती बताई। मां की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में भारतीय न्याय संहिता की धारा 138, 70(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत मामला दर्ज किया गया। चूंकि घटना थाना बागबहार क्षेत्र की थी, इसलिए मामला वहां स्थानांतरित कर दिया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देश पर तकनीकी और स्थानीय पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पीड़िता ने बताया कि आरोपी काले-गुलाबी रंग की मोटरसाइकिल पर सवार थे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में ऐसे रंग की सभी मोटरसाइकिलों के स्वामियों से पूछताछ शुरू की। मुखबिर और तकनीकी टीम की मदद से एक संदिग्ध पल्सर मोटरसाइकिल के आधार पर सत्यप्रकाश यादव (28 वर्ष) को थाना पत्थलगांव क्षेत्र से हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अपने तीन साथियों के साथ नाटक देखने गया था। लौटते समय अकेली लड़की को देखकर उसने दुष्कर्म की योजना बनाई। उसने पहले पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया, फिर अपने साथियों को बुलाकर उनसे भी यही हरकत करवाई। पीड़िता के बेहोश होने पर आरोपी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
25 फरवरी को पीड़िता ने पहचान कार्यवाही में सत्यप्रकाश यादव की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित