जशपुर , फरवरी 04 -- जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका (16) के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी सुरेश यादव (26 वर्ष) और संजय यादव (21 वर्ष) को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर के कार्यालय द्वारा बुधवार को दी गई जानकारी के अनुसार, मामला 02 फरवरी की रात का है। शिकायत के अनुसार, 16 वर्षीय पीड़िता उस दिन अपने भाई के साथ पड़ोसी गांव में एक कार्यक्रम में गई हुई थी। रात करीब 11 बजे आरोपी सुरेश यादव ने उसे फोन किया और मिलने का आग्रह किया।
पीड़िता अपनी एक सहेली के साथ बाहर आई, जहां सुरेश यादव ने उसे जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया और एक सुनसान मकान में ले गया। वहां उसने पीड़िता के विरोध के बावजूद उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी संजय यादव मकान के बाहर पहरा दे रहा था। पीड़िता के परिजनों के घटनास्थल पर पहुंचने पर दोनों आरोपी फरार हो गए।
पीड़िता ने 03 फरवरी को थाना बगीचा में शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बीएनएस धारा 137(2), 70(2) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज किया। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया।
पुलिस की जांच में आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले और दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित