जशपुर , नवंबर 12 -- छत्तीसगढ़ में जशपुर पुलिस ने एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के मामले में तीन साल से फरार चल रहे आरोपी दिलीप चौहान (29) को गिरफ्तार किया है। यह मामला ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर ब्लैकमेलिंग की जटिल योजना का हिस्सा है, जिसमें बिहार के पटना निवासी कुंदन राज ने मुख्य भूमिका निभाई थी।

पुलिस ने इस घटना के बारे में बुधवार को बताया कि वर्ष 2021 में कुंदन राज ने मोबाइल फोन के जरिए जशपुर की एक नाबालिग लड़की से दोस्ती की। एक कटे हाथ की फोटो भेजकर उसे सहानुभूति में फंसाया और वीडियो कॉल पर 'वर्चुअल शादी' का नाटक किया। इसके बाद अक्टूबर 2021 में 'सुहागरात' के नाम पर वीडियो कॉल पर बनाई गई अश्लील वीडियो से लड़की को ब्लैकमेल करते हुए आरोपी कुंदन ने अपने साथी दिलीप चौहान को लड़की के पास भेजा। दिलीप ने खुद को 'दीपक यादव' बताया और पीड़िता को विश्वास में लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने 09 अप्रैल 2022 को थाना दुलदुला में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय दंड संहता, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। वर्ष 2022 में पुलिस ने बिहार के पटना से मुख्य आरोपी कुंदन राज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उससे मिली जानकारी के आधार पर दिलीप चौहान की पहचान हुई, जो तब से फरार था।

मंगलवार (11 नवंबर) को पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से कुनकुरी क्षेत्र से दिलीप चौहान को गिरफ्तार किया। पीड़िता ने पहचान परेड में उसे पहचाना लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया, "यह मामला सोशल मीडिया के जरिए नाबालिगों के शोषण की गंभीर घटना है। हमने 2022 में ही मुख्य आरोपी कुंदन राज को गिरफ्तार कर लिया था और अब लंबे समय से फरार दिलीप चौहान भी कानून के शिकंजे में है।"गिरफ्तारी में साइबर सेल और थाना दुलदुला की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित