राजनांदगांव , मार्च 16 -- छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी कहे जाने वाले राजनांदगांव शहर के नवागांव वार्ड में एक सात वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर दरिंदगी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
घटना की जानकारी सामने आते ही शहर का माहौल तनावपूर्ण हो गया और सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में तो ले लिया है, लेकिन अब तक इस मामले में आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की चुप्पी से तरह-तरह की चर्चाएं और आशंकाएं जन्म ले रही हैं।
घटना के बाद व्हाट्सएप ग्रुप्स और स्थानीय स्तर पर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि जब तक अपराधियों में कानून का कड़ा भय नहीं होगा, तब तक बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो सकेगी।
इस घटना ने वर्ष 2021 के बहुचर्चित कांकेतरा कांड की यादें भी ताजा कर दी हैं। उस मामले में समाज के व्यापक विरोध और प्रशासन की तत्परता के बाद फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए आरोपी को फांसी की सजा सुनाई गई थी। अब नवागांव की घटना के बाद एक बार फिर वैसी ही सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित