धार , फरवरी 13 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की सरदारपुर तहसील राजगढ़ क्षेत्र में नाबालिग युवती की आत्महत्या मामले में पुलिस की जांच में मौत का जिम्मेदार उसका मंगेतर ही निकला।
नाबालिग युवती के चरित्र पर आरोपी शिवा डोडियार शंका करता था। घटना वाले दिन पीडिता के घर पहुंचकर आरोपी ने मारपीट की थी। इसी बात से आहत होकर युवती ने फांसी लगा ली थी। पुलिस ने मामले में आरोपी शिवा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु की।
राजगढ थाना अंतर्गत साढे 17 वर्षीय काजल (बदला हुआ नाम) ने 28 जनवरी को दोपहर के समय फांसी लगा ली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची व शव परिजनों को सौंपते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरु की।
परिजन ने बताया कि नाबालिग की सगाई शिवा डोडियार से दो साल पूर्व की थी। मंगेतर शिवा राजगढ में कमरा किराये से लेकर रहता था तथा सगाई होने के कारण उसके घर पर आना जाना था। आरोपी शिवा मृतका के चरित्र पर शंका करता था। 28 जनवरी को शिवा मृतका के घर आया और उसके साथ मारपीट की। इससे परेशान होकर मृतका रोने लगी।
थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि लडकी की मौत के बाद पुलिस ने घटनास्थल कर निरीक्षण किया व परिजनों को बयान दर्ज करने के लिए बुलाया गया था। आरोपी चरित्र को लेकर शंका करता था, इसी बात से आहत होकर युवती ने सुसाइड किया था, मामले में वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित