रायबरेली , अप्रैल 16 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र में टंकी से गिरकर नाबालिग की मौत के मामले में वांछित एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि 29 मार्च को गांव में जल जीवन मिशन की टंकी पर कार्य चल रहा था, जहां बिना परिजनों की जानकारी के एक नाबालिग लड़के को काम पर लगा लिया गया था। कार्य के दौरान वह टंकी से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले में वादिनी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस तथा अन्य साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में गैर इरादतन हत्या का मामला सामने आने पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी शाहवेज निवासी जिला मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है तथा मामले के अन्य पहलुओं की भी पड़ताल जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित