खैरागढ़ , अप्रैल 07 -- छत्तीसगढ़ के जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) के थाना छुईखदान पुलिस ने नाबालिग बालिका का अपहरण कर शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने थाना छुईखदान में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को ग्राम झुरानाडी निवासी युवराज यादव (23) बहला-फुसलाकर और शादी का झांसा देकर अपहरण कर ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 78/2026 के तहत धारा 137 (2) बीएनएस दर्ज कर जांच शुरू की।

मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी पीड़िता को हैदराबाद ले जाकर छिपाकर रखे हुए है। पुलिस टीम ने तत्काल हैदराबाद में दबिश दी और पीड़िता को आरोपी के कब्जे से बरामद किया।

पीड़िता के बयान और विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी होने के बावजूद उसे प्रेम जाल में फंसाया और जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो अधिनियम की धारा छह जोड़ी गई।

आरोपी को आज गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित