बांदा , फरवरी 3 -- बांदा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में सड़कों पर कारों से खतरनाक स्टंट करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन कारों को सीज कर हजारों रुपये के चालान किए हैं। साथ ही वाहन स्वामियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, कुछ नाबालिग युवक-युवतियों द्वारा सार्वजनिक सड़क पर अनियंत्रित ढंग से कार चलाते हुए स्टंट किए जाने का वीडियो वायरल हुआ था। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने वाहनों की पहचान की। कालूकुआं मोहल्ला निवासी रामू पुत्र रामसनेही तथा महोखर गांव निवासी पवन पुत्र बृजमोहन की कारों को सीज किया गया। पवन की कार पर 12,500 रुपये और रामू की कार पर 9,500 रुपये का चालान किया गया।

इसी क्रम में मंगलवार शाम खुटला मोहल्ला निवासी परवेश की कार भी सीज की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित