ब्रसेल्स , फरवरी 13 -- उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) महासचिव मार्क रट ने यूरोपीय और कनाडाई सहयोगियों से 'रक्षा व्यय और औद्योगिक उत्पादन' बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा है कि अमेरिका गठबंधन के प्रति प्रतिबद्ध है, लेकिन उसका रणनीतिक ध्यान अब हिंद-प्रशांत क्षेत्र की ओर अधिक केन्द्रित हो रहा है।

टीआरटी वर्ल्ड की एक रिपोर्ट के अनुसार, श्री रट ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा कि चर्चा का मुख्य केन्द्र हेग शिखर सम्मेलन में लिये गये निर्णयों के क्रियान्वयन पर रहेगा, जिसमें रक्षा निवेश को 'तेजी से बढ़ाना' और गठबंधन के औद्योगिक आधार को सुदृढ़ करना शामिल है, ताकि प्रतिरोधक क्षमता सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने यूक्रेन को निरंतर समर्थन पर भी जोर देते हुए हाल ही में घोषित लगभग 63 करोड़ अमेरिकी डॉलर के ब्रिटिश वायु रक्षा पैकेज का उल्लेख किया और चेतावनी दी कि युद्धक्षेत्र में मजबूती के बावजूद कीव अब भी मिसाइल हमलों का सामना कर रहा है।

श्री रट ने कहा कि सहयोगी देशों के सैन्य व्यय में हालिया वृद्धि इस बात का संकेत है कि वाशिंगटन के दबाव का असर दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि यूरोपीय और कनाडाई सहयोगी रक्षा क्षेत्र में अरबों डॉलर अतिरिक्त निवेश के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

बाद में अमेरिका के रक्षा नीति अवर सचिव एल्ब्रिज कोल्बी के साथ संयुक्त वक्तव्य में श्री रट ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि वह नाटो के भीतर यूरोपीय और कनाडाई रक्षा प्रतिबद्धताओं को मजबूत करने के निरंतर समर्थक रहे हैं।

श्री कोल्बी ने कहा कि हाल के वर्ष गठबंधन के लिए एक निर्णायक मोड़ साबित हुए हैं। उन्होंने तर्क दिया कि अमेरिका चाहता है कि यूरोप नाटो की पारंपरिक रक्षा में अग्रणी भूमिका निभाये, जबकि वाशिंगटन अपना अधिक रणनीतिक ध्यान हिंद-प्रशांत क्षेत्र की ओर स्थानांतरित कर रहा है।

उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व को सहयोगी देशों को रक्षा संसाधन बढ़ाने के लिए प्रेरित करने का श्रेय देते हुए कहा कि लक्ष्य 'रक्षा और प्रतिरोध पर केंद्रित एक गंभीर गठबंधन' का निर्माण करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित