जयपुर , फरवरी 02 -- राजस्थान के नागौर जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान के स्नानघर के गुप्त तहखाने से करीब एक करोड़ 35 लाख रुपये की एमडी ड्रग बरामद की है।

जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के अनुसार उनके नेतृत्व में ऑपरेशन नीलकंठ के तहत खींवसर पुलिस और डीएसटी टीम ने पांचलासिद्धा में एक रहवासी मकान पर छापा मारकर यह एमडी ड्रग बरामद की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस के हाथ न केवल ड्रग्स, बल्कि अपराध की काली कमाई भी लगी। नशीले पदार्थों की बिक्री से कमाए गए 11.23 लाख रुपये नकद, दो डायरियां जिनमें हवाला के जरिए लाखों-करोड़ों रुपये के लेन-देन का पूरा कच्चा-चिट्ठा लिखा हुआ जब्त किया गया।

मौके से पुलिस ने आरोपी श्रवणराम की पत्नी पूजा बिश्नोई (23) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी श्रवणराम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित