दीमापुर , मार्च 15 -- नागालैंड के मोकोकचुंग ज़िले में अनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित 28 कोरिडांग विधानसभा सीट (एसटी) के लिए नौ अप्रैल को होने वाले उपचुनाव में कुल 22,390 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
भारत चुनाव आयोग (ईसीआई) ने रविवार को इस सीट के लिए उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया। पिछले साल मौजूदा विधायक इमकोंग एल इमचेन के निधन के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी।
इस सीट के लिए अंतिम मतदाता सूची 13 मार्च को विशेष सारांश संशोधन (एसएसआर) 2026 के बाद प्रकाशित की गई थी।
22,390 मतदाताओं में से 22,266 सामान्य मतदाता है जिनमें 11,253 पुरुष और 11,013 महिला और 124 सेवा मतदाता (123 पुरुष और एक महिला) शामिल हैं। इस सीट के लिए कुल 30 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
ईसीआई के अनुसार उपचुनाव के लिए गजट अधिसूचना 16 मार्च को जारी की जायेगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 23 मार्च है। नामांकन पत्रों की छंटनी 24 मार्च को होगी और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 26 मार्च है। मतगणना चार मई को होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित