नागपुर , मार्च 05 -- महाराष्ट्र के नागपुर जिले में गुरुवार को दंपती ने प्रेम संबंधों के शक में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी।

पुलिस ने यह जानकारी दी। यह घटना आज सुबह करीब 11:30 बजे खापरखेड़ा-कोराडी सड़क पर हुई। मृतक की पहचान जिले के नरखेड़ तालुका के सवांगी गांव के रहने वाले सागर वानखेड़े के रूप में हुई है। दंपती के दो बच्चे हैं। पुलिस ने हत्या के सिलसिले में खापरखेड़ा के निवासी राजू गजभिये और उसकी पत्नी सोनाली को हिरासत में लिया है।

शुरुआती जांच के मुताबिक सोनाली और सागर कथित तौर पर स्कूल के दिनों से एक-दूसरे को जानते थे और सोनाली की राजू से शादी के बाद भी कथित तौर पर संपर्क में थे।

पुलिस ने कहा कि पुणे में काम करने वाला सागर हाल ही में होली मनाने के लिए अपने गांव आया था। कहा जाता है कि उसने सोशल मीडिया के जरिए सोनाली से संपर्क किया और उससे मिलने के लिए कहा। सुबह सागर मोटरसाइकिल से खापरखेड़ा पहुंचा और सोनाली उसके साथ गई। बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद राजू ने कथित तौर पर उनका पीछा किया। खापरखेड़ा-कोराडी रोड पर कोलार नदी के पुल के पास सोनाली ने कथित तौर पर जानबूझकर अपना पर्स गिरा दिया। जब सागर ने उसे उठाने के लिए मोटरसाइकिल रोकी, तो उसने उस पर चाकू से हमला कर दिया। मौके पर पहुंचे राजू ने भी युवक को कई बार चाकू मारा।

उन्होंने बताया कि सागर को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हमला दिनदहाड़े हुआ , लेकिन राहगीरों ने बीच-बचाव नहीं किया। पुलिस ने बाद में दम्पति को हिरासत में लिया और कोराडी पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित