नागपुर , मार्च 19 -- भारतीय थल सेना गुरुवार को नागपुर स्थित एक कंपनी से विस्तारित दूरी वाले पिनाका रॉकेटों की पहली खेप प्राप्त करने के लिए तैयार है।
सूत्रों के अनुसार, भारतीय थलसेना को नागपुर की एक कंपनी से ये विस्तारित दूरी वाले पिनाका रॉकेट की पहली खेप मिलेगी। ये रॉकेट 45 किलोमीटर तक के लक्ष्यों पर प्रहार करने में सक्षम हैं और बुधवार को आयोजित प्रमाणन परीक्षणों में पिनाका रॉकेट सफल साबित हुये हैं।
सेना में शामिल करने से पहले इन परीक्षणों में उत्पादन खेप में से चुने गए रॉकेटों की गुणवत्ता की जांच की जाती है। इस प्रणाली के उपयोगकर्ता परीक्षण पहले ही पूरे हो चुके हैं। यह पिनाका प्रणाली के विस्तारित दूरी वाले संस्करण का पहला समावेश है, जो 40 किलोमीटर से कम दूरी वाले मौजूदा संस्करण का उन्नत रूप है। इन रॉकेटों की आपूर्ति के आदेश सोलर डिफेंस एंड एयरोस्पेस लिमिटेड और म्यूनिशन्स इंडिया लिमिटेड को दिये गये हैं। बाद वाली कंपनी की खेप का प्रमाणन परीक्षण इस महीने के अंत में होने की उम्मीद है।
इस बीच भारत ने आर्मेनिया को निर्देशित पिनाका रॉकेटों का निर्यात भी शुरू कर दिया है, जिनकी मारक क्षमता 70 किलोमीटर से अधिक है।
सूत्रों के मुताबिक पड़ोसी देशों के माध्यम से पारगमन मार्गों पर प्रतिबंधों के बीच वर्तमान में खेप रुकी हुई है। इससे पहले, आपूर्ति ईरान के रास्ते भेजी गई थी, लेकिन उभरते भू-राजनीतिक तनावों ने उस मार्ग को अनिश्चित बना दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित