तिरुवनंतपुरम , नवंबर 29 -- तुर्की के प्राचीन नाइसिया (वर्तमान इज़निक) में प्रथम नाइसिया धर्मसभा के 1700 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विश्व स्तरीय एक दिव्य अंतर-चर्च समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर दुनिया भर के ईसाई चर्चों के प्रमुख एकत्रित हुए।

इस अत्यंत आध्यात्मिक और ऐतिहासिक क्षण में मलंकारा ऑर्थोडॉक्स सीरियन चर्च के सर्वोच्च प्रमुख बेसिलियोस मार्थोमा माथ्यूज़ तृतीय, कैथोलिकोस ऑफ़ द ईस्ट एवं मलंकारा मेट्रोपॉलिटन ने ठीक उसी पवित्र स्थल पर मलयालम भाषा में प्रार्थना की, जहाँ सन् 325 ई. में नाइसिन धर्मसिद्धांत ( नाइसिन क्रीड ) की रचना हुई थी।

नाइसिया की इस पावन भूमि पर मलयालम प्रार्थना की गूंज मलंकारा के लिए एक अभूतपूर्व और गर्वपूर्ण क्षण था। यह समारोह कॉन्स्टेंटिनोपल के सर्वेक्यूमेनिकल पैट्रिआर्क बार्थोलोम्यू प्रथम के विशेष निमंत्रण पर आयोजित किया गया था। इसमें पोप लियो चतुर्दश, पैट्रिआर्क बार्थोलोम्यू तथा विभिन्न प्राचीन परंपराओं के पैट्रिआर्क, मेट्रोपॉलिटन और वरिष्ठ पादरी सम्मिलित हुए। यह आयोजन प्राचीन ईसाई समुदायों के बीच एकता का प्रतीक बना।

कैथोलिकोस महामहिम ने विश्व के अन्य प्रमुखों के साथ मिलकर प्रार्थना एवं धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। यह सन् 325 ई. में सम्राट कॉन्स्टैंटाइन महान द्वारा आहूत प्रथम विश्वव्यापी धर्मसभा की साझा आध्यात्मिक विरासत का सजीव चित्रण था।

1700वीं वर्षगाँठ के समारोह प्राचीन नाइसिया के शांत खंडहरों के बीच संपन्न हुए-ठीक उसी स्थान पर जहां सत्रह शताब्दी पहले 300 से अधिक बिशप एकत्र होकर येसु ख्रीस्त की दिव्यता को निश्चित करने, नाइसिन धर्मसिद्धांत तैयार करने तथा विश्वव्यापी ईसाई पहचान को दिशा देने वाले नियम बनाने के लिए मिले थे। प्रथम दिन के कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों की प्रार्थनाएं, चिंतन और संवाद शामिल थे। केरल से पधारे दल में कैथोलिकोस महामहिम के साथ निम्नलिखित वरिष्ठ सदस्य थे: यूके-यूरोप-अफ्रीका डायोसीज़ के मेट्रोपॉलिटन अब्राहम मार स्टेफानोस, चर्च वर्किंग कमिटी सदस्य एवं इक्यूमेनिकल रिलेशंस सलाहकार जैकब मैथ्यू, इक्यूमेनिकल रिलेशंस विभाग के सचिव फादर अश्विन फर्नांडीस और कैथोलिकोस के निजी सचिव फादर बैजू जॉनसन शामिल थे। उनकी उपस्थिति ने वैश्विक इक्यूमेनिकल संवाद में मलंकारा की सक्रिय भागीदारी को रेखांकित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित