हनुमानगढ , फरवरी 22 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के भिरानी थाना क्षेत्र में अजीतपुरा गांव के पास शुक्रवार रात्रि को बारातियों की बोलेरो गाड़ी नहर में गिरने के बाद लापता हुए दो युवकों के शव रविवार को बरामद कर लिये गये।

पुलिस, राज्य आपदा मोचन दल (एसडीआरएफ) और स्थानीय लोगों ने रासलाना वितरिका (नहर) में लगातार तलाशी अभियान चलाया। शनिवार सायं एक युवक अमित (21) का शव उतरादाबास गांव की रोही में मिला था, उसका पोस्टमार्टम करके शव परिजनों को सौंप दिया गया। पूर्वाह्न करीब 11 बजे रासलाना वितरिका के पुल के पास आशीष प्रजापत (21) और वाहन चालक मुकेश प्रजापत (24) के शव भी मिल गये।

पुलिस ने बताया कि पुलिस ने दोनों शव राजकीय उपजिला चिकित्सालय भादरा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिए।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार शाम को चुरू जिले के राजगढ़ उपखंड के कानावासी गांव से विजय गोस्वामी के पुत्र कुलदीप की बारात भिरानी थाना क्षेत्र के गांव सागड़ा जा रही थी। बारात की बोलेरो गाड़ी में पांच युवक सवार थे। अजीतपुरा गांव के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। एक युवक अनुराग गाड़ी गिरते समय खिड़की से बाहर निकल गया और नहर किनारे पेड़ की टहनी पकड़कर बच गया। देर रात पुलिस ने गाड़ी बाहर निकाली तो उसमें अनुराग के भाई आशीष चब्बरवाल की लाश मिली, जबकि आशीष प्रजापत, मुकेश प्रजापत और अमित नहर में बह गए थे। अब तीनों के शव बरामद हो चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित