अमरोहा , मई 05 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में रामगंगा पोषक नहर में डूबे बालक का चार दिन बाद भी कोई सुराग न मिलने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार को स्टेट हाईवे-51 पर जाम लगा दिया। प्रशासन के आश्वासन के बाद जाम खुल सका।
पुलिस सूत्राें ने मंगलवार को बताया कि डिडौली थाना क्षेत्र के मुबारकपुर नूरी निवासी रवि कुमार का पुत्र आर्यंस (12) अपने मामा के घर रहकर कक्षा छह में पढ़ाई कर रहा था। बीते शुक्रवार को वह अपनी नानी के साथ खेत पर गया था, जहां किसी बात पर नाराज होकर उसने पास बह रही रामगंगा पोषक नहर में छलांग लगा दी और तेज बहाव में लापता हो गया।
घटना के बाद से एनडीआरएफ, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है। इससे नाराज परिजनों ने मंडी धनौरा क्षेत्र में बिजनौर-बदायूं स्टेट हाईवे-51 पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
सूचना पर पहुंचे उपजिलाधिकारी शैलेश कुमार दुबे, पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजलि कटारिया सहित अन्य अधिकारियों को परिजनों के विरोध का सामना करना पड़ा। पीड़ित पिता ने नहर का जलस्तर कम किए बिना खोजबीन को असंभव बताया और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
काफी समझाने-बुझाने के बाद प्रशासन ने नहर का जलस्तर कम कराने और सर्च ऑपरेशन तेज करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया। चार दिन से लापता बच्चे के न मिलने से परिवार में शोक का माहौल है। प्रशासन का कहना है कि गोताखोरों की संख्या बढ़ाकर खोज अभियान को तेज किया गया है और जल्द ही सफलता मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित