गिरिडीह , दिसम्बर 09 -- झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ पचंबा मुख्य मार्ग स्थित घोरंजो में सोमवार देर रात एक अलकतरा लदे ट्रक ने बैलगाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गाड़वान और दोनों मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने मृतक की पहचान घोरंजो निवासी मोहन भोगता के रूप में की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोहन भोगता कारोडीह से बिचाली खाली कर घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और कथित रूप से नशे में धुत ट्रक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रक को सीधा बैलगाड़ी पर चढ़ा दिया। जिसमें गाड़ीवान और दो मवेशियों की मौके पर मौत हो गयी।

घटना की सूचना पाकर जमुआ पुलिस मौके पर पहुंची और शव और दोनों बैलों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों उचित मुआवजे की मांग को लेकर थाने पहुंच गए। बेरहाबाद पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि गौतम सागर राणा ने बताया कि मृतक मोहन बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखता था और बैलगाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं। मुखिया ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित