श्रीगंगानगर , मार्च 12 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में सदर थाना क्षेत्र में हिंदूमलकोट मार्ग पर स्थित गांव कालियां में अवैध रूप से नशीले पदार्थ बेचने वालों का विरोध कर रहे लोगों से मारपीट के जाने की घटना के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि छह मार्च को हुई इस घटना के संबंध में गिरधारीलाल नायक की शिकायत पर लेखराज, शिमली देवी, बिट्टू, भारत, दुक्की, मोहनलाल, गोपाल, कश्मीरा, गोल्डी, मानी और विक्की के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। हमले में गिरधारीलाल के परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए थे, जिनकाे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस घटना को लेकर गांव में उसी दिन से दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

घटना की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक निहालचंद बिश्नोई ने बताया कि गुरदास उर्फ विक्की मजहबी सिख (25), अरमानसिंह उर्फ भानी (21), विशाल उर्फ शालू (19) और बलविंदरसिंह मजहबी सिख (24) को गिरफ्तार किया गया है। हमलावरों में महिलाएं भी शामिल थीं। चारों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित