नैनीताल , फरवरी 07 -- उत्तराखंड में नैनीताल के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (प्रथम) एवं न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट संजीव कुमार की अदालत ने शनिवार को अपने महत्वपूर्ण निर्णय में नशीली दवाओं का कारोबार करने के जुर्म में हल्द्वानी के बनभूलपुरा निवासी मो.अफसार तथा मो. अजीम अली को 12-12 वर्ष के कठोर कारावास एवं 1.28 लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।

अभियोजन पक्ष के अनुसार औषधि नियंत्रक विभाग की जांच में 04 सितंबर 2019 में शनि बाजार गेट, नूरी मस्जिद के निकट बनभूलपुरा में सिटी मेडिकोज व सिटी किलिनिक के संचालक मो.अफसार व मो. अजीम अली को नशीली गोलियां तथा नशीले कैप्सूल आदि रखने के जुर्म में गिरफतार किया गया था।

सुनवाई के दौरान सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता पूजा साह की ओर से अदालत में कई गवाहों के साथ ही पर्याप्त साक्ष्य पेश किए गए। अदालत ने अंत में दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एकट के तहत 12-12 वर्ष के कठोर कारावास व 1.20-120 लाख रुपए के अर्थदण्ड की सजा सुनाई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित