रुद्रपुर , मार्च 22 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने अब तक की बड़ी आर्थिक कार्रवाई की है। पुलिस ने दो बड़े तस्करों की करीब 6.70 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के अनुसार यह कार्रवाई मादक द्रव्य निरोधक अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत की जा रही है, जिसके अंतर्गत मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्तियों को जब्त किया जाता है। इसके तहत दो नशा तस्करों रिफाकत और संजय गुप्ता की के अर्जित संपत्ति को कुर्क किया जा रहा है।
श्री गणपति के अनुसार थाना पुलभट्टा क्षेत्र में वर्ष 2025 में पुलिस ने कुख्यात स्मैक तस्कर रिफाकत की करीब Rs.3.70 करोड़ की संपत्ति चिन्हित की गई है। गिरफ्तारी के समय उसने पुलिस पर फायरिंग भी की थी। उसके कब्जे से 1060 ग्राम स्मैक और अवैध हथियार बरामद हुए थे।
जांच में सामने आया कि रिफाकत लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय था और उसने इसी अवैध कारोबार से भारी संपत्ति अर्जित की। अब उसकी संपत्तियों के कुर्की के लिए सक्षम प्राधिकरण, नई दिल्ली में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस की ओर से गांजा तस्करी के सरगना संजय गुप्ता पर भी कार्रवाई की जा रही है। एक अन्य मामले में पुलभट्टा पुलिस द्वारा 434 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामदगी के बाद सामने आए सरगना संजय गुप्ता की भी करीब Rs.3 करोड़ की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि संजय गुप्ता अन्य राज्यों से गांजा लाकर उत्तराखंड में सप्लाई करता था और अपनी पहचान छिपाने के लिए वाहनों को अन्य लोगों के नाम पर संचालित करता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित