मुजफ्फरपुर , दिसंबर 29 -- महाराष्ट्र में नवी मुंबई के नेरुल इलाके में एक ज्वेलरी शोरूम से ढाई करोड़ रुपये से अधिक के सोने की लूट के मामले में दो अपराधियों को बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि 22 दिसंबर 2025 को नवी मुंबई के नेरुल स्थित सेक्टर-42, सीवुड इलाके में एक ज्वेलर्स शोरूम में अपराधियों ने करीब दो करोड़ 62 लाख 26 हजार रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूट लिए थे। इस संबंध में नवी मुंबई के एनआरआई सागरी थाना में कांड संख्या 469/25 दर्ज की गई थी। लूट की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच ने तकनीकी सर्विलांस और वैज्ञानिक जांच का सहारा लिया। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को यह संकेत मिले कि वारदात में शामिल कुछ आरोपी बिहार की ओर भागे हैं। इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ) से संपर्क किया। सूचना के सत्यापन के बाद बिहार और महाराष्ट्र राज्यों की पुलिस टीम ने संयुक्त रणनीति बनाकर कार्रवाई शुरू की।
सूत्रों ने बताया कि संयुक्त पुलिस टीम ने मुजफ्फरपुर के बेला थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो सोने की हार, दो सोने की चेन (लॉकेट सहित) और दो जोड़े सोने के कान के झुमके बरामद किए गए। गिरफ्तार दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। इनमें गोरखपुर निवासी रामानंद यादव उर्फ आनंद यादव और आजमगढ़ निवासी रामजन्म गोंड शामिल हैं। दोनों आरोपी लूट के बाद अपनी पहचान छिपाने के लिए बिहार आ गए थे और बेला इलाके में किराये के मकान में रह रहे थे।इसके बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मुंबई रवाना हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित