पटना , दिसंबर 31 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को कहा कि स्व. नवीन किशोर सिन्हा का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और जनकल्याण को समर्पित रहा।

श्री नबीन ने आज यहां अपने पिता एवं दिवंगत भाजपा नेता स्व. नवीन किशोर सिन्हा की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्री नबीन ने इस अवसर पर कहा कि स्व. नवीन किशोर सिन्हा न केवल एक कुशल संगठनकर्ता थे, बल्कि कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत भी थे। उनकी सादगी, अनुशासन और सिद्धांतनिष्ठा आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए आदर्श है।

श्री नबीन ने कहा कि स्व. सिन्हा ने हर परिस्थितियों में भी पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास किया। उनका जीवन यह सिखाता है कि राजनीति सेवा का माध्यम है, न कि पद या प्रतिष्ठा का।उन्होंने कहा कि उनके पिता ने उन्हें सदैव सत्य, ईमानदारी और जनसेवा के मार्ग पर चलने की सीख दी। उन्होंने कहा कि आज जो भी जिम्मेदारी उन्हें मिली है, वह उन्हीं संस्कारों और शिक्षाओं का परिणाम है। उनका स्नेह, मार्गदर्शन और आदर्श मेरे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं।

श्री नबीन ने कहा कि वे अपने पिता के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र, संगठन और समाज की सेवा के लिए निरंतर समर्पित रहेंगे तथा उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज के हर वर्ग तक विकास की योजनाओं को पहुंचाने का कार्य करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित