उज्जैन , दिसंबर 18 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित भगवान महाकालेश्वर मंदिर में नववर्ष के मौके पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक व्यवस्था की गई है।
आगामी नववर्ष पर बड़ी संख्या में मंदिर में श्रद्धालुओं के आगमन को दृष्टिगत रखते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने आज मंदिर परिसर के आंतरिक एवं बाहरी आसपास के क्षेत्रों सहित रुद्र सागर क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। प्रशासक श्री कौशिक ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारू दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित निर्माण एजेंसियों एवं विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा मंदिर परिसर की व्यवस्थाएं अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित रूप में उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों एवं नवीन प्रवेश-निर्गम व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित