बिलासपुर , मार्च 24 -- छत्तीसगढ के बिलासपुर में चैत्र नवरात्र के दौरान महामाया मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ के बीच पॉकेटमारी की घटनाओं पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अकलतरा क्षेत्र के पिपरसत्ती निवासी गौरी के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, नवरात्र के चलते मंदिर परिसर में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। इसी भीड़भाड़ का फायदा उठाकर महिला श्रद्धालुओं के पर्स और जेब से नकदी और कीमती सामान चोरी कर रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।

मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर संदिग्ध महिला की गतिविधियां सामने आईं, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी पहले भी दो बार इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुकी है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें और अपने सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित