भरतपुर , मार्च 23 -- राजस्थान में राजमेस के अधीन संचालित सात चिकित्सा महाविद्यालयों एवं नर्सिंग महाविद्यालयों में विभिन्न संवर्ग के स्वीकृत 1267 नियमित पदों के साथ भरतपुर के श्रीजगन्नाथ पहाड़िया मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग ऑफिसर के 91 पद समाप्त किए जाने से आक्रोशित नर्सेज संघ ने सोमवार को यहां विरोध प्रदर्शन किया।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में पिछले कई वर्षों का अनुभव रखने वाले इन नर्सिंग अधिकारी में से ज्यादातर के पास आईसीयू, सीसीयू एवं सुपर स्पेशियलिटी जैसे विभागों का प्रभार है और पद समाप्त होने पर इनके पदस्थापन के बारे में सभी नर्सिंग अधिकारी शंकित हैं कि उनका पदस्थापन कहीं अन्यत्र किया जा सकता है।

इस संबंध में नर्सेज संघ ने जिला कलक्टर के माध्यम से राज्य के मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा मंत्री को प्रेषित ज्ञापन में इन पदों पर कार्यरत नर्सेजकर्मियों के लिए नए पद सृजित किए जाने या फिर इन पदों पर कार्यरत कार्मिकों को यथा स्थान पदस्थापित रखे जाने की माँग की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित