मैनपुरी , फरवरी 09 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक निजी नर्सिंग होम में कथित चिकित्सकीय लापरवाही से प्रसूता और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार विछिया रोड निवासी देवेंद्र सिंह, जो पीएसी एटा में तैनात हैं, ने अपनी पत्नी अंबिका सिंह को रविवार रात प्रसव के लिए ज्योतिका आरोग्य धाम में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव पीड़ा शुरू होने के बावजूद करीब तीन घंटे तक डिलेवरी में देरी की गई। प्रसव के बाद नवजात मृत पाया गया, जबकि प्रसूता की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल और वहां से सैफई रेफर किया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई।
पत्नी की मौत की सूचना मिलने पर देवेंद्र सिंह ने नर्सिंग होम पहुंचकर विरोध जताया। आरोप है कि इस दौरान डॉक्टर पूनम पाठक और स्टाफ मौके से फरार हो गए। पुलिस ने संबंधित डॉक्टर और स्टाफ के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। प्रसूता और नवजात के शव का पोस्टमार्टम सोमवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित