देहरादून, दिसंबर 09 -- उत्तराखंड में नर्सिंग बेरोजगारों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मी की ओर से महिला नर्सिंग अभ्यर्थी को थप्पड़ मारने की घटना के विरोध में मंगलवार को महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय घेराव करने की कोशिश की।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन में पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं के साथ बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों की भी मौजूदगी रही।
महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को पुलिस मुख्यालय से पहले सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया , जहां पर उन्होंने बैरिकेडिंग पर चढ़कर उत्तराखंड सरकार का पुतला दहन करते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिसके बाद हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने नर्सिंग बेरोजगारों, महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर एकता विहार स्थित धरना स्थल छोड़ दिया ।
इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि रोज़गार की मांग करने वाली बेटियों के साथ इस प्रकार का अपमानजनक और दमनकारी व्यवहार सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करता है। धामी सरकार युवाओं की आवाज़ सुनने के बजाय उन पर शक्ति प्रदर्शन कर रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
सुश्री रौतेला ने कहा कि बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थी अपने अधिकार और रोजगार मांग रही थे, लेकिन सरकार ने उनके सवालों का जवाब बातचीत से देने की बजाय थप्पड़ों से दिया। यह न केवल लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है बल्कि महिलाओं के प्रति सरकार की दमनकारी मानसिकता को भी दर्शाता है।
महिला कांग्रेस ने दोषी पुलिस कर्मियों पर कठोर कार्रवाई करने ,घटना की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, नर्सिंग की वर्षवार भर्ती निकालने, नर्सिंग के लंबित रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू करने की मांग उठाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित