देहरादून , जनवरी 14 -- उत्तराखंड में वर्षवार नियुक्ति समेत अन्य मांगों को लेकर देहरादून के सहस्त्रधारा रोड स्थित एकता विहार में पिछले 40 दिनों से धरने पर बैठे नर्सिंग एकता मंच ने अपने आंदोलन को और तेज धार देने का निर्णय लेते हुए 19 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे।
देहरादून के प्रेस क्लब में बुधवार को पत्रकार वार्ता करते हुए नर्सिंग बेरोजगारों ने कहा कि पूर्व में नर्सिंग भर्ती वर्षवार हुआ करती थी और आगे भी यह भर्ती वर्षवार होनी चाहिए, ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने वर्तमान भर्ती प्रक्रिया को नर्सिंग अभ्यर्थियों के हितों के खिलाफ बताया है।
मंच के प्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में नर्सिंग स्टाफ की कमी होने के बावजूद वर्षों से भर्ती प्रक्रिया लंबित है, जिस कारण प्रशिक्षित नर्सिंग युवाओं को बेरोजगारी का सामना करना पड़ रहा है,साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित रही है और इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है।
नर्सिंग एकता मंच के प्रदेश नवल पुंडीर ने कहा कि राज्य में पिछली नर्सिंग भर्ती लगभग 12 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद निकाली गई थी, उस भर्ती प्रक्रिया को पूरा करने में लगभग पांच साल लग गए। नर्सिंग अभ्यर्थियों को यह भर्ती 17 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद मिली लेकिन तब तक बड़ी संख्या में योग्य व्यक्ति आयु सीमा से बाहर हो गए।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में सुधार जैसे वर्षवार नियुक्ति कराये जाने, ओवर ऐज अभ्यर्थियों को छूट, आईपीएचएस मानकों के तहत ढाई हजार पदों पर नई भर्ती कराये जाने की मांग को लेकर नर्सिंग एकता मंच 19 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास घेराव करने जा रहा है। इसी दिन नर्सिंग अभ्यर्थी सामूहिक रूप से मुंडन कराकर सरकार से अपनी मांगें मनवाने के लिए मजबूर करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित