लखनऊ , जनवरी 22 -- महराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय, ज्ञानपुर (भदोही) में नर्सिंग अफसरों पर कथित रूप से सिजेरियन ऑपरेशन के लक्ष्य तय करने के आदेश को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। राजकीय नर्सेस संघ, उत्तर प्रदेश ने इसे नियम विरुद्ध और अधिकार क्षेत्र से बाहर का आदेश बताते हुए तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
इस बावत राजकीय नर्सेस संघ के प्रदेश महामंत्री अशोक कुमार ने महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को भेजे पत्र में कहा है कि रिजर्वेशन ऑपरेशन का निर्णय लेना और उसका निष्पादन कराना चिकित्सकों (डॉक्टरों) के अधिकार क्षेत्र में आता है। इसके बावजूद नर्सिंग अफसरों को लक्ष्य निर्धारित कर जिम्मेदारी सौंपना न केवल अनुचित है, बल्कि यह उन्हें अनावश्यक प्रशासनिक दबाव में डालने जैसा है।
संघ का आरोप है कि जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक के बाद जारी आदेश में चार नर्सिंग अफसरों को मासिक लक्ष्य सौंपे गए हैं और लक्ष्य पूरा न होने की स्थिति में वेतन कटौती व उच्चाधिकारियों को जिम्मेदारी तय करने जैसी चेतावनी दी गई है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
राजकीय नर्सेस संघ ने स्पष्ट किया है कि नर्सिंग स्टाफ सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहता है, लेकिन चिकित्सकीय निर्णयों की जिम्मेदारी नर्सों पर डालना स्वीकार्य नहीं है। संघ ने चेताया है कि यदि आदेश को तत्काल वापस नहीं लिया गया और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रदेशव्यापी आंदोलन के लिए संगठन बाध्य होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित