नयी दिल्ली , फरवरी 12 -- सरकार ने नयी सीरीज (आधार वर्ष 2024) के तहत खुदरा महंगाई का पहला आंकड़ा गुरुवार को जारी कर दिया। इसके अनुसार, जनवरी 2026 में महंगाई दर 2.75 प्रतिशत दर्ज की गयी।

नयी सीरीज में जनवरी 2025 से अब तक के उपलब्ध महंगाई के आंकड़ों में जनवरी 2026 की महंगाई दर सबसे अधिक है। इसके आधार पर पिछले साल जनवरी में खुदरा महंगाई 1.67 प्रतिशत और दिसंबर 2025 में 0.08 प्रतिशत रही थी। इस साल जनवरी में खाद्य महंगाई दर 2.13 प्रतिशत दर्ज की गयी।

केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों में बताया गया है कि जनवरी में ग्रामीण क्षेत्रों में महंगाई दर 2.73 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 2.77 प्रतिशत रही।

इसमें खाद्य एवं पेय पदार्थों की महंगाई दर 2.11 प्रतिशत, कपड़ों तथा जूते-चप्पलों की 2.98 प्रतिशत और स्वास्थ्य सेवाओं की 2.19 प्रतिशत दर्ज की गयी है। मनोरंजन, खेल एवं सांस्कृतिक उत्पादों तथा साधनों की महंगाई दर 2.32 प्रतिशत, शिक्षा साधनों की 3.35 प्रतिशत और रेस्त्रां तथा होटल आदि से जुड़ी आवास सेवाओं की 2.87 प्रतिशत रही।

सोने एवं चांदी की कीमतों में एक साल पहले की तुलना में भारी उछाल के कारण व्यक्तिगत प्रसाधन, सामाजिक सुरक्षा तथा विविध वस्तुओं के वर्ग की मुद्रास्फीति दर 19.02 प्रतिशत दर्ज की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित