देहरादून , फरवरी 09 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि नई संगठनात्मक रचना के बाद प्रदेश कोर कमेटी की पहली बैठक 14 फरवरी को पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के नेतृत्व में होगी।

श्री भट्ट ने कहा कि बैठक में पार्टी गतिविधियों के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और सरकारी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की कार्ययोजना पर विमर्श किया जाएगा। वहीं सर्वे रिपोर्ट के आधार पर चर्चा हो रही है और सभी को अपनी विधानसभा में फोकस करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट किया कि प्रत्याशी चयन का आधार, जीत की संभावना ही रहने वाला है।

उन्होंने देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय में रविवार को पत्रकारों को बताया कि बैठक में आगामी राजनीतिक चुनौतियों और सांगठनिक प्रक्रिया पर विस्तृत रूप से चर्चा की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि बैठक में पार्टी के वर्तमान और भविष्य में शुरू होने वाले कार्यक्रमों की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। जिसमें संगठन की गतिविधियों के साथ, किस तरह केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां को भी समाहित किया जाए, इस पर चर्चा होगी।

चुनावी वर्ष को देखते हुए, जनता के मध्य डबल इंजन सरकार के कार्यों को पहुंचाने के लिए विधानसभा स्तर पर विकास रथ चलाए जाने भी प्रस्तावित हैं। उनके संबंध में रूपरेखा तैयार करने और जिम्मेदारियां सुनिश्चित करने पर भी अंतिम विमर्श किया जाएगा। इसी तरह 2027 के चुनाव से पहले किन मुद्दों और किस तरह जनता के मध्य पार्टी अपनी बात पहुंचनी है, उसकी रणनीतिक तैयारियों को भी फाइनल किया जाना है।

उन्होंने महापंचायत को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में, इसे पूरी तरह से मुद्दों और संख्या की दृष्टि से फ्लॉप करार दिया। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर सरकार पीड़ित परिवार की भावना अनुसार कार्रवाई कर चुकी है उस पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है। राज्य की जनता ने देखा कि सामाजिक आंदोलन की आड़ में किस तरह वहां राजनीतिक पार्टी के झंडों में होड़ मची थी।

वही पंचायत में आम लोगों की भागीदारी पर बात करें तो सामान्य जनता ने इससे पूरी तरह दूरी बनाई हुई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित