अलवर , फरवरी 04 -- राजस्थान में नगर विकास न्यास के अतिक्रमण निरोधक दस्ते द्वारा न्यास क्षेत्राधिकार में बिना न्यास स्वीकृति एवं भू-संपरिवर्तन कराए कृषि भूमि पर ग्रेवल सडक विकसित करके अवैध भूखंड और चारदीवारी को ध्वस्त करने की कार्रवाई गई।

नगर विकास न्यास की सचिव धाइगुडे स्नेहल नाना ने बुधवार को बताया कि ग्राम भूगोर झोपडी के खसरा नंबर 645 में करीब एक बीघा कृषि भूमि पर बन्नाराम मीणा, मुकेश, बृजमोहन, महेन्द्र, संतोष देवी, छाजूराम एवं अन्य द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया गया। इसी प्रकार अम्बेडकर नगर के वेयर हाउस योजना में सडक के मुख्य भाग पर अवैध रूप से खोखे, थडियां लगाकर किए गए अतिक्रमण को हटाकर न्यास भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।

उन्होंने बताया कि वहीं अम्बेडकर नगर के वेयर हाउस योजना के भू-भाग पर बिना स्वीकृति के की जा रही अवैध ट्रक पार्किंग को हटाकर न्यास भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। उन्होंने बताया कि न्यास द्वारा अवैध भूखंड एवं अवैध निर्माण/अतिक्रमण के विरूद्ध आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।

इस दौरान अतिक्रमण निरोधक अधिकारी, क्षेत्रीय कनिष्ठ अभियन्ता के साथ दल के सदस्य मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित