रायसेन , अक्टूबर 16 -- एक शासकीय चिकित्सक से मारपीट के मामले में मध्यप्रदेश के रायसेन जिले की गैरतगंज नगर परिषद अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी के एक मंडल अध्यक्ष की जमानत याचिका एक दिन के लिए आगे बढ़ गई है।

अब जमानत के मामले में जिला अदालत में आज सुनवाई होगी। जिनेश जैन नगरपरिषद अध्यक्ष और संजय जैन भाजपा मंडल अध्यक्ष हैं। गैरतगंज पुलिस ने जिला अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद दोनों को कल देर शाम बेगमगंज जेल में शिफ्ट कर दिया गया था।

गैरतगंज न्यायालय ने दोनों का जेल वारंट काटा था। जेल वारंट का नाम सुनते ही दोनों नेता अदालत में ही बेहोश हो गए थे। उसके बाद से दोनों दो दिन से जिला अस्पताल में भर्ती थे।

जिनेश जैन और संजय जैन ने जून माह में शासकीय अस्पताल में पदस्थ डॉ अनिस्ट लाल से मारपीट की थी। गैरतगंज बीएमओ डॉ अनिस्ट लाल की शिकायत पर गैरतगंज पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

कानून विशेषज्ञों के अनुसार अगर आज जमानत नहीं होती तो अदालत में छुट्टियाँ होने के कारण दोनों नेताओं को दीपावली जेल में ही मनानी पड़ सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित