बरेली , अक्टूबर 10 -- उत्तर प्रदेश के बरेली में हाल ही में हुए बवाल के बाद नगर निगम ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। वर्षों से लंबित पड़ी शिकायतों पर अब तेजी से कार्रवाई शुरू हो गई है। वार्ड-54 भूड में नगर निगम की जमीन पर अवैध रूप से बने 27 मकानों के खिलाफ निगम प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए नोटिस जारी कर दिए हैं। इन नोटिसों के चस्पा होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

नगर निगम एक्सईएन राजीव कुमार राठी ने बताया कि संबंधित भूमि निगम की सरकारी संपत्ति है, जिस पर कब्जेदारों द्वारा अवैध रूप से मकान बनाए गए हैं। इस संबंध में सभी 27 अतिक्रमणकारियों (घर बनवाकर रहने वाले) को नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे नोटिस जारी होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर स्वयं कब्जा हटाकर इसकी लिखित सूचना नगर निगम कार्यालय को दें।

वार्ड-54 भूड स्थित प्राथमिक विद्यालय शाहबाद कोहाड़ापीर पास विद्युत उपकेंद्र से जुड़ी भूमि का है। इस भूमि पर नगर निगम बरेली की स्वामित्व वाली संपत्ति होने के बावजूद कुछ लोगों ने कब्जा कर पक्के मकान और दुकानें बना ली थीं। निगम प्रशासन ने इस अवैध कब्जे की स्थलीय और अभिलेखीय जांच में यह स्पष्ट हुआ कि जमीन पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य किया गया है।

उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा में कब्जा न हटाने की स्थिति में नगर निगम स्वयं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा। इसके साथ ही संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। लंबे समय से कब्जे की शिकायत करने वाले स्थानीय लोग निगम की कार्रवाई से संतुष्ट नजर आ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित