अमृतसर , मार्च 20 -- स्वच्छता बनाये रखने और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता को जारी रखते हुए, नगर निगम अमृतसर पूरे शहर में दुकानदारों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के काउंटरों पर सूचनात्मक और जागरूकता स्टीकर लगाये जा रहे हैं। इन स्टीकरों का उद्देश्य विक्रेताओं और ग्राहकों दोनों को कूड़ा न फैलाने और स्वच्छ वातावरण बनाये रखने के महत्व के प्रति संवेदनशील बनाना है।
यह अभियान निगम आयुक्त बिक्रमजीत सिंह शेरगिल के निर्देशों पर स्वास्थ्य और स्वच्छता विभागों की सक्रिय भागीदारी के साथ चलाया जा रहा है। दुकानदारों को कचरे का उचित निपटान सुनिश्चित करने और ग्राहकों को कूड़ा न फैलाने के लिए प्रोत्साहित करके 'स्वच्छ अमृतसर' के मिशन में जिम्मेदार हितधारक के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
श्री बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने शुक्रवार को कहा, " स्वच्छता एक साझा जिम्मेदारी है। ऐसी पहलों के माध्यम से, हमारा लक्ष्य नागरिकों के साथ-साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के व्यवहार में बदलाव लाना है। जागरूकता स्टीकर जैसे ये छोटे कदम अमृतसर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में बड़ा प्रभाव डाल सकते हैं।"अधिकारियों ने कहा कि ऐसे छोटे लेकिन प्रभावशाली उपाय नागरिक भावना को बढ़ावा देने और लोगों को बेहतर अपशिष्ट निपटान प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। नगर निगम ने आम जनता से भी इस पहल में सहयोग करने और निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करने का आग्रह किया है। नागरिक कचरा प्रबंधन में गड़बड़ी या कूड़ा न उठाये जाने की घटनाओं की रिपोर्ट निगम की हेल्पलाइन के माध्यम से कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित