पटना , अक्टूबर 22 -- लोक आस्था के महापर्व छठ के उपलक्ष्य में पटना नगर निगम की ओर से पाटीपुल घाट पर दीपोत्सव और गंगा आरती का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रमंडलीय आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त यशपाल मीणा और अपर नगर आयुक्त भी उपस्थित रहे।

इस दौरान प्रमंडलीय आयुक्त श्री पराशर ने कहा कि, छठ केवल आस्था का नहीं, बल्कि अनुशासन और स्वच्छता का भी पर्व है। उन्होंने नगर निगम की तैयारियों की सराहना की।

घाट को 7,000 दीपों, रंग-बिरंगी रंगोलियों और ध्वनित जयकारों से सजाया गया था, जिसने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक माहौल में डुबो दिया। गंगा आरती का आयोजन बनारस से आई विशेष टीम द्वारा किया गया, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के साथ आरती ने पूरे वातावरण को दिव्य बना दिया।

नगर निगम की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये घाट पर सजावट, बैठने की व्यवस्था और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों, बीइंग हेल्पर संस्था और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।

दीपोत्सव के पहले दिन नगर निगम की ब्रांड एम्बेसडर श्रीमती नीतू कुमारी नवगीत ने स्वच्छता गीत और छठ गीतों की सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।

नगर आयुक्त श्री मीणा ने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धामय वातावरण प्रदान करना है। आगामी 23 अक्टूबर को जेपी सेतु घाट (घाट संख्या-93) पर भी दीपोत्सव और गंगा आरती का आयोजन होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित