ऋषिकेश, फ़रवरी 09 -- उत्तराखंड में नगर निगम ऋषिकेश द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल की जा रही है। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के अंतर्गत नगर निगम द्वारा शीघ्र ही "रिपेयर मेला" आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में नगर निगम कार्यालय में सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

नगर निगम आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रिपेयर मेले का उद्देश्य नागरिकों को उपयोग की गई वस्तुओं को फेंकने के बजाय उनकी मरम्मत के लिए प्रेरित करना है। मेले में नगर के सभी नागरिक अपने पुराने या फटे कपड़े, टूटे हुए बर्तन तथा खराब जूते-चप्पल लेकर आ सकते हैं। नगर निगम के इस अनूठे प्रयास के माध्यम से इन सभी वस्तुओं की मरम्मत कर उन्हें दोबारा उपयोग योग्य बनाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित