पटना , फरवरी 13 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने निर्देश दिया है कि हर नगर निकाय के अंदर काम कर रही सफाई एजेंसी और उससे जुड़े कर्मियों का पूरा विवरण उपलब्ध कराया जाए।
श्री सिन्हा ने नगर विकास एवं आवास विभाग के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिया कि ऐसी हर कंपनी का पूरा ब्यौरा उपलब्ध कराते हुए उनकी जाँच की जाए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस बात की भी जाँच की जाए कि नगर निकायों के लिए काम कर रही कंपनियाँ किसी पदाधिकारी या जनप्रतिनिधि से जुड़ी तो नही हैं।
श्री सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस बात की छानबीन की जाए कि किसी एजेंसी को फाइनल किए जाने से पहले उसके गुण-दोष की विवेचना तथा चयन, भुगतान और लोगों की आपत्ति या परिवाद की समीक्षा की गई है या नहीं।
श्री सिन्हा ने कहा कि ऐसे तमाम विषयों की समीक्षा नगर विकास एंव आवास विभाग के प्रधान सचिव स्तर से टीम बनाकर कराया जाए, जिससे आगे से पूरी पारदर्शिता के साथ नियमानुकूल जनहित में सफाई एवं स्वच्छता के कार्य हो सकें।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग प्रतिवाद प्रेषित करते हैं, वह अपना नाम और पूरा पता शपथ के साथ दें। उन्होंने कहा कि सही पाए जाने पर विभाग ऐसे लोगों को सम्मानित करेगा और जो लोग गलत पाए जाएँगे उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग के दिशा निर्देश और नियमों की अवहेलना करने वाली कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित