बीजापुर , मार्च 06 -- छत्तीसगढ में नक्सल प्रभावित के रूप में पहचाने जाने वाले बीजापुर के लिए गर्व का क्षण है। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के अंतिम परिणामों में बीजापुर के भैरमगढ़ निवासी अंकित सकनी ने सफलता हासिल करते हुए 816वीं रैंक प्राप्त की है। यह उपलब्धि उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे संवेदनशील क्षेत्र के युवाओं के लिए एक मिसाल बन गई है।

दंतेश्वरी के आशीर्वाद से सफलता मिलने की बात कहने वाले अंकित सकनी ने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परमपिता परमेश्वर को दिया है। वे सकनी चन्द्रया और जमुना सकनी के पुत्र हैं। उनके पिता सकनी चन्द्रया वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य हैं, वहीं माता जमुना सकनी पूर्व जनपद सदस्य रह चुकी हैं। राजनीतिक परिवार से आने के बावजूद अंकित ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाने वाली इस परीक्षा में सफलता का परचम लहराया है।

जैसे ही परीक्षा परिणाम की जानकारी सार्वजनिक हुई, भैरमगढ़ सहित पूरे बीजापुर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों, मित्रों और समाज के लोगों ने फोन कॉल और संदेशों के माध्यम से अंकित और उनके परिवार को बधाई देने का सिलसिला शुरू कर दिया। अंकित की इस सफलता की चर्चा हर किसी की जुबान पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित