कांकेर , फरवरी 19 -- छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर ड्यूटी कर रहे सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के एक जवान की अचानक हृदयगति रुकने से मौत हो गई। यह घटना उस वक्त हुई जब जवान ड्यूटी से इतर समय में बॉलीबॉल खेल रहे थे। मृतक जवान की पहचान 28वीं वाहिनी एसएसबी में पदस्थ नवीन कुमार के रूप में की गई है, जो मूल रूप से दिल्ली के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार, नवीन कुमार अंतागढ़ के गोड़बिनापाल स्थित कैंप में तैनात थे। वह अपने साथी जवानों के साथ बॉलीबॉल खेल रहे थे, तभी अचानक खेल शुरू होने के करीब पांच मिनट बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने सीने में तेज दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अंतागढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी हालत गंभीर हो गई थी। अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी डॉक्टर ने उनकी जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, मौत का संभावित कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित