रायपुर , फरवरी 07 -- ) छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों की समीक्षा के उद्देश्य से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के दौरे पर पहुंचे हैं और उनके दौरे को लेकर कांग्रेस सवाल उठा रही है, जिसका रायपुर से सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने जवाब दिया है।
श्री अग्रवाल ने शनिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी का मजबूत क्षेत्र रहा है, ऐसे में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का यहां आना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि आज देश जिन दो बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है, उनमें आतंकवाद और नक्सलवाद प्रमुख हैं। श्री शाह ने नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लिया है और उसी दिशा में वे छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस प्रयास का विरोध करने के बजाय सहयोग और आभार व्यक्त करना चाहिए।
श्री अग्रवाल ने कहा कि यदि छत्तीसगढ़ के विकास में कोई सबसे बड़ी बाधा रही है, तो वह नक्सलवाद रहा है। इसके खात्मे से राज्य विकास की नई राह पर अग्रसर होगा और छत्तीसगढ़ एक विकसित राज्य के रूप में आगे बढ़ेगा।
इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के छत्तीसगढ़ आगमन का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का बस्तर पंडुम-2026 के उद्घाटन समारोह में शामिल होना राज्य के लिए गौरव का विषय है। यह हम सभी का सौभाग्य है कि देश की राष्ट्रपति जनजातीय संस्कृति के इस महोत्सव का शुभारंभ करने स्वयं बस्तर पहुंचीं। उन्होंने राष्ट्रपति का स्वागत और अभिनंदन करते हुए इसे छत्तीसगढ़ के सम्मान और पहचान को और मजबूत करने वाला क्षण बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित