जालंधर , फरवरी 4 -- पंजाब में जालंधर पुलिस ने विदेश से संचालित होने वाले आपराधिक गिरोहों की धमकियों से जुड़े जबरन वसूली एवं फायरिंग मामले में शामिल दो आरोपियों को एक मुठभेड़ के बाद बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक आरोपी बिहार का तथा दूसरा उत्तर प्रदेश निवासी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि आरोपियों की पहचान बिहार के सीतामढ़ी निवासी अंकित कुमार उर्फ अंकित और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी हरिंदर गुप्ता के रूप में हुयी है। ये दोनों लुधियाना में ही रह रहे थे। मुठभेड़ के दौरान अंकित कुमार को गोली लगी, तथा आरोपी हरिंदर गुप्ता उर्फ हरिंदर को पैर में फ्रैक्चर की चोट आई। दोनों आरोपियों को काबू कर हिरासत में लिया गया। उनको उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।आरोपियों के कब्जे से एक .30 बोर की पिस्तौल एवं तीन कारतूस बरामद किए गए।
एसएसपी विर्क ने बताया इस मामले में को शिकायतकर्ता को विदेशी मोबाइल नंबरों से धमकी भरे कॉल आए। इनमें प्राप्त हुए, जिनमें कॉल करने वालों ने स्वयं को गोल्डी बराड़ एवं रोहित गोधरा गिरोह का सदस्य बताते हुए पांच करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। इस टीम ने नूरमहल रोड पर गांव शकरपुर की ओर जाने वाली लिंक रोड पर विशेष नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस पार्टी द्वारा नियंत्रित एवं उचित जवाबी कार्रवाई की गई।दोनों आरोपी पहले से ही उपरोक्त मामलों में नामजद थे तथा शिकायतकर्ता द्वारा जबरन वसूली की राशि देने से इंकार करने के कारण पुनः उसे निशाना बनाने का प्रयास कर रहे थे।
एसएसपी ने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है तथा इसमें संलिप्त पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित