श्रीगंगानगर , अप्रैल 01 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में हनुमानगढ़ मार्ग पर मंगलवार रात एक युवक पर चार-पांच अज्ञात नकाबपोश युवकों ने हमला करके उसके दोनों पैर तोड़ दिए।

पुलिस ने बताया कि बुरी तरह से जख्मी युवक अविश अरोड़ा (37) को एक टेंपो चालक ने जिला अस्पताल पहुंचाया। पता चलने पर परिवार वाले अस्पताल पहुंचे और फिर उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया।

घटना की जांच कर रहे सहायक पुलिस उप निरीक्षक शरीफ खान ने बताया कि पीड़ित अविश कल रात स्कूटी से करीब सवा आठ बजे गणपतिनगर जा रहा था, तब रास्ते में नंदविहार कॉलोनी में एक सूनी जगह पर अचानक चार-पांच युवक सामने आ गए। उनमें से एक युवक ने उसे धक्का मार कर नीचे गिरा दिया और फिर सभी उसे पीटने लगे। अज्ञात युवकों ने उसके दोनों पैरों पर बेसबॉल के बैट और लोहे की छड़ से वार किये। अपना बचाव करने के दौरान उसके हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटे लगीं। उसे बुरी तरह जख्मी कर अज्ञात युवक फरार हो गए।

जांच अधिकारी के मुताबिक घटनास्थल के आसपास कहीं सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं। अविश कहना है कि उसकी किसी से दुश्मनी नहीं है। वह हमला करने वालों को नहीं जानता। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित