रांची , जनवरी 01 -- झारखंड में नए साल के पहले ही दिन राज्य ने भीषण ठंड का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया।
राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जो देश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन शिमला से भी कम रहा। शिमला में जहां न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं रांची शीतलहर की चपेट में नजर आई।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर तक पहुंच गई। रांची, पलामू, गढ़वा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम समेत नौ जिलों में कोहरे का व्यापक असर देखा गया। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले तीन दिनों तक घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की है। हालांकि दिन में हल्की धूप निकल सकती है, लेकिन तापमान में खास बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।
अन्य शहरों में भी ठंड का असर साफ नजर आया। गुमला में न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री, कांके में 3.0, मेदिनीनगर में 5.1, बोकारो में 6.1, चाईबासा में 8.8 और जमशेदपुर में 9.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कोहरे के कारण हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। दिल्ली-रांची इंडिगो फ्लाइट रद्द करनी पड़ी, जबकि रांची-बेंगलुरु फ्लाइट डेढ़ घंटे देरी से रवाना हुई। दिल्ली जाने वाली दो अन्य उड़ानें भी लेट रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
ठंड के साथ प्रदूषण ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। धनबाद में एक्यूआई 603 तक पहुंच गया, जो अत्यंत खराब श्रेणी में है। जमशेदपुर में 499, बोकारो में 400, रांची में 353 और पलामू में 300 एक्यूआई दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार पलामू, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा और सिंहभूम जिलों में पाला पड़ने की आशंका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित