पटना, जनवरी 14 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व बिहार विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव ने बुधवार को देश-प्रदेश के लोगों को मकर संक्रांति की हार्दिक बधाई दी।

श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि यह त्योहार नयी उम्मीदों और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनकी कामना है कि मकर संक्रांति देश-प्रदेश के लिए समृद्धि और खुशहाली लेकर आये। सनातनी धर्म संस्कृति में मकर संक्रांति पर्व का खास महत्व है।

श्री यादव ने कहा कि मकर संक्रांति अलग-अलग नामों से पूरे देश में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी मान्यता है कि मकर संक्रांति के दिन भगवान भास्कर अपने पुत्र शनि से मिलने स्वयं उसके घर जाते हैं। चूंकि शनिदेव मकर राशि के स्वामी हैं, अत: इस दिन को मकर संक्रान्ति के नाम से जाना जाता है। मकर संक्रान्ति के दिन ही गंगाजी भगीरथ के पीछे-पीछे चलकर कपिल मुनि के आश्रम से होती हुई सागर में जाकर मिली थीं।

भाजपा नेता श्री यादव ने कहा कि मकर संक्रांति उत्साह और उमंग का पर्व है। ऐसा माना जाता है कि मकर संक्रांति के बाद ठंड की विदाई होने लगती है ऋतुराज वसंत की आहट महसूस होने लगती है। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति भाईचारे का त्योहार है। इस दिन लोग चूड़ा-दही का भोज देते हैं, जिसमें हर वर्ग और हर सम्प्रदाय के लोग शामिल होते हैं। मकर संक्रांति के बाद खरमास समाप्त हो जाता है और लोग शुभ कार्य शुरू करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित