जालौन , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में उरई कोतवाली क्षेत्र के चौरसी मोड़ के पास सड़क किनारे स्थित नंदी जी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार ने रविवार को बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया गया। प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान सूरज कुमार, निवासी नालंदा (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क रही। स्थानीय लोगों की आस्था को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त मूर्ति को हटाकर उसी स्थान पर नई नंदी जी की मूर्ति ससम्मान स्थापित कर दी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित