बारां , जनवरी 23 -- राजस्थान में बारां के आराध्यदेव कल्याणराय जी श्रीजी मंदिर में शुक्रवार को आयोजित 545वे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज हुआ।
श्रीजी मंदिर में सुबह श्रद्धा, भक्ति और परंपरा के साथ ध्वजा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक, व्यापारिक प्रतिनिधि शामिल हुए।
जिला कलेक्टर तोमर ने पूजा अर्चना, अभिषेक एवं आरती की। श्रीजी भक्त मंडल ने अतिथियों का साफाबंदी, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान से नवाजा।
आयोजन के श्रृंखला में दोपहर को श्रीजी मंदिर से शहर में बैंडबाजे की मधुर धुनों पर भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गो से होती हुई पुनः श्रीजी मंदिर पहुंची। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा चल रहे थे। जगह जगह शोभायात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने गुलाब की पंखुड़ियों से स्वागत करते हुए आराध्य देव की आरती उतारी।
शोभायात्रा देर शाम मंदिर पहुंची जहां पूजन, संध्या आरती एवं ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित